कंगना रनौत के बयान पर बवाल, कांग्रेस सेवा दल ने किया पुतला दहन
देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में कांग्रेस सेवा दल ने जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस सेवा दल और कांग्रेस कार्यकर्ता आज प्रातः गांधी पार्क में एकत्र हुए, जहां कंगना रनौत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि एक सांसद होने के नाते कंगना रनौत को मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर बात करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की टिप्पणियां जनता को गुमराह करने का प्रयास हैं।
मनमोहन शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस तरह की बयानबाजी जारी रहती है, तो कांग्रेस सेवा दल उत्तराखंड कड़ा विरोध दर्ज कराएगा।
वहीं, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि फिलहाल विरोध स्वरूप पुतला दहन किया गया है, लेकिन यदि ऐसी बयानबाजी दोबारा होती है, तो कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस सेवा दल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें शीशपाल सिंह बिष्ट (प्रवक्ता), राजेंद्र भंडारी (संगठन महामंत्री), ललित थपलियाल, मंजू चौहान, मीना देवी, रंजना देवी, सावित्री थापा, गोपाल सिंह गढ़िया (उपाध्यक्ष, सैनिक प्रकोष्ठ), सुरेंद्र रावत, सुनीता धारियां, बिट्टू रावत, पुनीत सिंह, दीपक मेहता, सुनील बंगा, अर्जुन सोनकर, राहुल प्रताप, पंकज, शशि गोसाई, पुनीत, सुरेश कुमार, ओमप्रकाश वाल्मीकि, सोम प्रकाश वाल्मीकि, सुरेश चंद, प्रकाश, लोकेंद्र नौटियाल, राजू भंडारी, शिवकुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
