कैनाल रोड पर ठेका खोलने के फैसले पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, पांचवें दिन भी धरना जारी
देहरादून के वैली एनक्लेव, कैनाल रोड, जाखन स्थित घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में क्षेत्रवासियों का शांतिपूर्ण धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। स्थानीय महिलाओं ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की और इस फैसले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
धरने को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, आशा शर्मा डोबरियाल, उर्मिला ढोंडियाल, सोनिया आनंद रावत एवं पार्षद डॉ. अरविंद चौधरी ने रिहायशी इलाके के बीच इस तरह ठेका खोले जाने को दुर्भाग्यपूर्ण और जनभावनाओं के खिलाफ बताया।
पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में जहां एक ओर चारधाम यात्रा शुरू हो रही है और हम अपनी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार गली-गली में शराब के ठेके खोलकर समाज में गलत संदेश दे रही है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इस प्रकार के ठेके खोलना न सिर्फ महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि सामाजिक वातावरण को भी दूषित करता है। सरकार को तत्काल इस निर्णय को वापस लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक यह ठेका बंद नहीं किया जाता, तब तक क्षेत्रवासी अपना शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखेंगे।
धरने में राजलक्ष्मी काला, रेनू नवानी, बीना रौतेला, संपति गोसाईं, ममता, रश्मि धामी, फरिया अख्तर, रुखसाना सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
