उत्तराखंड

रिहायशी क्षेत्र में शराब ठेका खोलने के विरोध में आंदोलन तेज, मंत्री गणेश जोशी ने दिया लाइसेंस निरस्तीकरण का आश्वासन

देहरादून के वैली एनक्लेव, कैनाल रोड, जाखन स्थित घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में प्रस्तावित शराब के ठेके के विरोध में स्थानीय लोगों का धरना छठवें दिन भी जारी रहा। क्षेत्रवासियों, विशेषकर महिलाओं ने इस दौरान जोरदार नारेबाजी करते हुए ठेका खोलने के निर्णय का कड़ा विरोध किया। उनका कहना है कि आबादी के बीच इस प्रकार का ठेका खोलना न केवल सामाजिक वातावरण को प्रभावित करेगा, बल्कि यह जनभावनाओं के भी खिलाफ है।

धरना स्थल पर शुक्रवार शाम प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पहुंचे और आंदोलनरत महिलाओं व क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। उन्होंने नारी शक्ति के इस प्रयास की सराहना करते हुए स्पष्ट आश्वासन दिया कि उनके क्षेत्र में महिलाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “यह ठेका यहां नहीं रहेगा, यह मेरा वादा है। इस ठेके का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।”

इस मुद्दे पर कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके के बीच शराब का ठेका खोलना पूरी तरह जनविरोधी और असंवेदनशील निर्णय है। उन्होंने कहा, “स्थानीय जनता खासकर मातृशक्ति पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रही है, जो उनकी जायज चिंता को दर्शाता है। प्रशासन को पहले ही जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस फैसले को वापस लेना चाहिए था। यदि सरकार वास्तव में जनता के साथ है, तो केवल आश्वासन नहीं बल्कि ठोस कार्रवाई करते हुए तुरंत लाइसेंस निरस्त किया जाए।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर क्षेत्रवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों—सोनिया आनंद रावत, पार्षद डॉ. अरविंद चौधरी,  परमिंदर ओबेरॉय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने मंत्री के मौके पर पहुंचकर समर्थन देने पर आभार व्यक्त किया। आंदोलन में राजलक्ष्मी काला, रश्मि धामी, चंद्रकला नेगी, गजेंद्र रौतेला, डॉ. हर्ष धामी, अजीत सिंह, राजेंद्र रौथन, ममता, संपत्ति गोसाईं, अंजना भगत, परमेश्वरी सेमवाल, रेनू नवानी, अंजू भारद्वाज, रचना चोपड़ा, दुर्गावती, अयोध्या गौतम, दुर्गा वर्मा और पूर्व पार्षद कमल थापा सहित कई लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे।